लखीमपुर खीरी। शुक्रवार की रात गृह मंत्रालय द्वारा जारी गैर जरूरी सामान की दुकानों को खोलने के संबंध में आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, तो जिला प्रशासन के कान खड़े हो गए। शनिवार को कुछ लोगों ने सरिया, सीमेंट की दुकानें खोल दीं, जिसके बाद प्रशासन ने इन्हें बंद करा दिया। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा है कि शासन से अभी इस संबंध में कोई गाइड लाइन नहीं मिली है। लिहाजा अभी पूर्व से निर्धारित आवश्यक वस्तुओं की दुकानें निर्धारित समय से खुलेंगी।
गृह मंत्रालय के आदेश का हवाला देते हुए आवश्यक वस्तुओं के अलावा दैनिक जीवन की उपयोगी वस्तुओं जैसे बिजली पंखे, कपड़े, निर्माण सामग्री आदि की दुकानें खोलने की बात कही जा रही है। इससे लोगों ने बड़ी तेजी से इस मेसेज को सोशल मीडिया पर वायरल किया, मानो जैसे शनिवार से दुकानें खुलने लगेंगी। लिहाजा लोगों के बीच दुकानों के खुलने को लेकर चर्चाएं आम हुई, तो जिला प्रशासन के कान खड़े हो गए। शनिवार को कुछ जगहों पर आवश्यक वस्तुओं के अलावा निर्माण सामग्री, बिजली उपकरण की दुकानें खुलने लगी, जिन्हें पुलिस ने बंद करा दिया। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से ही तुरंत गैर जरूरी सामान की दुकानों के न खुलने के निर्देश दिए और कहा कि शासन से गाइड लाइन मिलने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। अभी पूर्व की भांति आवश्यक वस्तुओं की ही दुकानें खुलेंगी।