लखीमपुर खीरी। पुलिस की शुक्रवार को दिखाई गई सख्ती का असर शनिवार को भी दिखा। इसी का नतीजा रहा कि सड़कों पर बेवजह निकलने वाले लोगों की आवाजाही कम रही।
लॉकडाउन के दौरान पुलिस लगातार लोगों से घरों में रहने और सामाजिक दूरी बनाने की अपील कर रही है। प्रशासन ने जरूरतमंदों को पास भी उपलब्ध कराए हैं, इसके बाद भी लोग सामाजिक दूरी तोड़ने से बाज नहीं आ रहे। कुछ लोग तो बिना किसी जरूरत के शहर का माहौल जानने के लिए सड़कों पर बाइक व कार से फर्राटा भरते हैं। शुक्रवार को एएसपी शैलेंद्र लाल ने प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्र के साथ सड़कों पर मोर्चा संभाला था। पुलिस की सख्ती का असर शनिवार को भी सड़कों पर दिखाई पड़ा। शहर की प्रमुख सड़कें हो या गलियां। वाहनों की संख्या काफी कम रही। लोग भी सड़कों पर कम दिखे, जिससे सन्नाटा पसरा रहा। प्रभारी निरीक्षक सदर फोर्स के साथ सड़कों पर घूमते रहे।
सिकंद्राबाद: एसडीएम ने मास्क न होने पर लगवाई उठा-बैठक
सिकंद्राबाद एसडीएम मितौली ने बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग कर रही बाइक को रोक लिया। बाइक सवार तीनों युवक मास्क नहीं लगाए थे। मास्क न देख एसडीएम दिग्विजय सिंह का पारा चढ़ गया। उन्होंने तीनों युवकों से पूछताछ की। युवकों ने एसडीएम को बताया कि वह खेत पर गेहूं की कटाई करने जा रहे हैं, लेकिन तीनों युवक कटाई करने के औजार नहीं दिखा सके। एसडीएम ने दो युवकों की शर्ट उतरवाई और उसे मास्क की तरह बंधवाया, जबकि तीसरे ने रुमाल से मुंह ढका। बाद में तीनों युवकों से उठक बैठक लगवाई। संवाद
संपूर्णानगर: बॉर्डर पर संयुक्त गश्त के साथ सतर्कता बढ़ाने पर सहमति
संपूर्णानगर लॉकडाउन के दौरान नेपाल बार्डर पर आवाजाही बंद रहे, इसको लेकर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इसी के चलते बॉर्डर पर संयुक्त गश्त की गई।
भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 205 से 209 के बीच गश्त करने के बाद दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों के बीच कड़ी निगरानी और सतर्कता बढ़ाने पर सहमति बनी। थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह, कमलापुर बीओपी एसएसबी के प्रभारी जीआर सोलंकी, खजुरिया चौकी इंचार्ज जीवन सिंह, नेपाल एपीएफ इंस्पेक्टर रोशन राज, एसआई दलजीत सिंह के साथ ही नेपाल पुलिस बेलौरी इंस्पेक्टर राणा चंद, एसआई गणेश आदि ने जवानों ने बैठक में भाग लिया। जिसमें सीमा पर सतर्कता बढ़ाने के साथ ही कड़ी निगरानी पर सहमति बनी। थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि दोनों तरफ सीमा पर नजर रखी जा रही है साथ ही सूचनाओं का अदान-प्रदान भी किया जा रहा है। संवाद
डीएम-एसपी ने खीरी में व्यापारियों की जानी समस्याएं
खीरी टाउन डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी पूनम ने जिले की सीमाओं का निरीक्षण किया। वापस लौटकर कसबे के व्यापारियों से भी रूबरू हुए। मुख्य बाजार में दुकानदारों से पूछताछ की। मेडिकल पर दवाइयां और किराना दुकानदारों से किराने का सामान आसानी से मिलने के बारे में जानकारी ली। डीएम-एसपी ने दुकानों के सामने बिना मास्क लगाए खड़े लोगों को फटकार लगाई और उन्हें मास्क देकर लगवाए। सभी को हमेशा मास्क लगाए रहने की हिदायत दी। एसपी पूनम ने हाथों में सब्जियां लिए जा रहे लोगों को रोक कर उनको घर में नमक के पानी से धोने के बाद पकाने की जानकारी दी। संवाद
ममरी: पुलिस ने तेज की गश्त, एक दर्जन वाहनों का चालान
ममरी लॉकडाउन का पालन कराने के लिए हैदराबाद थाना पुलिस की ओर से गांव महेशपुर में मोहम्मदी रोड पर चलाए गए चेकिंग अभियान में एक दर्जन वाहनों का चालान किया गया। साथ ही घूम रहे लोगों को हिदायत देकर उन्हें घरों में रहने की नसीहत दी गई। पुलिस की सख्ती देख बाजार आने वालों में अफरातफरी रही और रोड पर सन्नाटा पसर गया। संवाद
ईसानगर: प्रभारी निरीक्षक ने घर जाकर दिया राशन
ईसानगर लॉकडाउन के कारण लोग घरों में हैं। सबसे अधिक खराब हालत दिहाड़ी मजदूरों व गरीब परिवारों की है। पुलिस फरिश्ता बनकर ऐसे लोगों की मदद कर रही है। गांव मक्कपुरवा निवासी राजकुमारी ने पुलिस को मोबाइल पर कॉल कर बताया कि पति की दो साल पहले मौत हो गई थी। खाने के लिए कुछ भी नहीं है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह, एसआई प्रवीण सिंह राजकुमारी के घर पहुंचे। उसे राशन उपलब्ध कराया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया पुलिस थाना क्षेत्र में गरीबों, असहाय व जरूरतमंदों को लगातार भोजन व अन्य जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रही है।
कोरोना से बचाव के लिए जागरूक करेंगे प्रचार वाहन
लखीमपुर खीरी कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाव के लिए जिले से प्रचार वाहन रवाना किए गए हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ अरविंद सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने शनिवार को विकास भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएमओ ने बताया कि यह प्रचार वाहन गांव गांव जाकर लोगों को संक्रमण से बचने के लिए लॉकडाउन का पालन करने, सामाजिक दूरी का ख्याल रखने के लिए प्रेरित करेंगे। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रचार वाहन का रूट चार्ट तैयार किया गया है। इसी क्रम में प्रचार वाहन महेवागंज भी पहुंचा। फूलबेहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अमितेश दत्त द्विवेदी ने बताया कि कोरोना संक्रमण पर ब्रेक लगाने के लिए लोगों का जागरूक होना बहुत जरूरी है। संवाद