लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने गांवों में बने स्क्रीनिंग सेंटरों में रखे गए ऐसे लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जो दूसरे जिले या राज्यों के निवासी है। लॉकडाउन के ऐसे लोग जनपद में फंसे हैं, उन्हें उनके गंतव्य को रवाना करने के लिए पहले से रणनीति बनाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने सभी तहसीलों के एसडीएम के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करके स्क्रीनिंग सेंटरों में रखे गए लोगों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्क्रीनिंग सेंटरों में आवासित ऐसे लोगों की सूची तैयार कर ले, जो जिले के बाहर के हैं। उन्हें अपने गंतव्य तक जाना है जिससे समय आने पर उनके गंतव्यों के लिए रवाना करने से पहले रणनीति तैयार की जा सके। कोरोना कंट्रोल रूम के मुताबिक करीब 200 लोग दूसरे जिलों के हैं, जो लॉकडाउन के चलते स्क्रीनिंग कैंपों में फंसे हैं। डीएम ने 14 दिन पूर्ण कर चुके लोगों को उनके घरों में भेजने के निर्देश दिए और साथ ही ऐसे लोगों को घर में 14 दिनों तक परिवार से अलग रहने के निर्देश दिए गए।