लखीमपुर खीरी। कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने में मेडिकल स्टोर पर अव्यवस्था होने पर होम डिलीवरी सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसके लिए 34 मेडिकल स्टोर को अधिग्रहित किया गया है, जिनके व्हाट्सएप नंबर पर डॉक्टर का पर्चा भेजकर दवाएं घर बैठे मंगाई जा सकेगी। ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार रावत ने बताया कि डिलीवरी ब्वॉय जरूरतमंदों को दवा मेडिकल स्टोर से उनके घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि ह्दय रोग और शुगर रोग से पीड़ित लोग उपलब्ध स्टॉक के आधार पर दवा खरीदें। दवाओं की आपूर्ति लगातार हो रही है। किसी समस्या के लिए कोरोना कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शहर में आदेश मेडिकल के नंबर 7379515968, भारत मेडिकल स्टोर के नंबर 7355366194, सुंदर मेडिकल स्टोर के नंबर 9651164700, एसएच मेडिकल स्टोर के नंबर 9839483707 पर ऑर्डर दे सकते हैं। इसी तरह सभी ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों के मेडिकल स्टोर भी होम डिलीवरी करेंगे।
कोटे की दुकानों पर कल से बंटेगा राशन
कोरोना से जंग में कोई भूखा न रहे, जिसके लिए सरकार ने अंत्योदय कार्डधारकों को एक अप्रैल से तीन अप्रैल तक फ्री राशन बांटने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मनरेगा जॉब कार्डधारकों, श्रम विभाग के पंजीकृत श्रमिकों और नगर निकायों में पंजीकृत दिहाड़ी मजदूरों को भी चार से सात अप्रैल तक पांच किलो प्रति यूनिट की दर से फ्री राशन दिया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आठ अप्रैल से शेष सभी पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को पूर्व की भांति निर्धारित मूल्य गेहूं दो रुपये प्रतिकिलो और चावल तीन रुपये प्रति किलो की दर से राशन दिया जाएगा। पांच किलो प्रति यूनिट के हिसाब से राशन दिया जाएगा। यदि रोस्टर के बाद कोई लाभार्थी आता है, तो कोटेदार उसे वापस नहीं करेंगे। कोरोना से बचाव के इंतजाम कोटेदार करेंगे और मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो राशन दिया जाएगा। वहीं सोमवार को राजापुर ग्राम पंचायत की सावित्री, किरन, मंजू, राखी, रानी समेत दर्जन भर महिलाएं राशन की मांग करने डीएम कार्यालय पहुंची, जिसके बाद महिलाएं जिला पूर्ति कार्यालय के बाहर कई घंटे बैठी रहीं। जिला पूर्ति अधिकारी ने एक अप्रैल से राशन वितरण कराने का आश्वासन देकर महिलाओं को वापस घर भेजा।