पलियाकलां। लॉकडाउन के दौरान लोगों के बाहर निकलने का सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस की सख्ती व प्रशासन की अपील का भी लोगों में असर दिखता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को साप्ताहिक बाजार होने के चलते एक बार फिर मंडी समिति में सैकड़ों की भीड़ सब्जी खरीदने उमड़ पड़ी। सूचना पर तहसीलदार व सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को वहां से खदेड़ा। तहसीलदार ने मंडी सचिव से इस व्यवस्था को ठीक करने की बात कही। साथ ही आढ़तियों से भी दुकान के बाहर सर्किल बनवाकर ही सब्जियों की बिक्री करने के निर्देश दिए। उधर, मंडी आढ़तियों से भी दुकानों के बाहर सर्किल बनवाकर पांच से अधिक लोगों की भीड़ न लगने देने के निर्देश अधिकारियों ने दिए।
शनिवार को एसडीएम पूजा यादव के नेतृत्व में अधिकारियों की टीमों ने किराना दुकानों के साथ ही मेडिकल स्टोरों पर पहुंचकर जायजा लिया और लॉकडाउन के चलते दुकानदारों को उचित दिशा निर्देश दिए। इस दौरान मोहल्ला बाजार में एक दुकान पर बिना प्रिंट रेट के चावल बिकता देख एसडीएम ने दुकानदार को नोटिस जारी किया। इस मौके पर पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार समेत अधिकारी मौजूद रहे।
माल गोदाम पर लगी साप्ताहिक बाजार
शहर की सब्जी मंडी में कम जगह होने के कारण इस बार प्रशासनिक अधिकारियों ने माल गोदाम पर सब्जी की दुकानों को लगवाया। एक से दो मीटर की दूरी पर दुकानों को लगवाया गया। जिसमें लोगों की भीड़ उमड़ी। हालांकि एक बजे तक ही सब्जी की दुकानें खुली रहीं। इसके बाद शाम छह बजे से दुकानें खुलीं। लेकिन ज्यादा भीड़ होने पर दुकानदारों ने भी बिक्री करने से मना किया। जिसके बाद भीड़ पर काबू हो सका।
कोरोना को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे लोग
गोला में कोरोना से बचाव में लोगों के बीच सामाजिक दूरी जरूरी है। इसके लिए लॉकडाउन किया गया है। शासन, प्रशासन के तमाम प्रयासों, दिशा-निर्देशों के बाद भी लोग कोरोना वायरस के खतरे को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे। लोग अब भी इतने विकराल संकट के बावजूद बिना सामाजिक दूरी बनाए और बिना मास्क लगाए आपस में बातचीत करते, बैठे दिखते हैं।
मोहम्मदी। शनिवार को मोहम्मदी से बस गौरीफंटा भेजी गई जिसमें लोग छत पर सवार थे। एक बस के बाद जब सवारी बच गई तो ट्रक पर चढ़कर लोग गंतव्य तक पहुंचाए गए। लोगों का कहना है कि जिस तरह से लोगों को भिजवाया गया, ऐसे में किस तरह कोराना पर नियंत्रण संभव होगा।