बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। भीरा थाना क्षेत्र के गांव लालूटांडा में ग्रामीणों ने लॉकडाउन के चलते गांव में बाहरी लोगों के आने पर पाबंदी लगा रखी है। ऐसे में भीरा के एक किसान को भी गांव से मजदूर लेकर जाने को मना किया जा चुका था। बावजूद इसके शनिवार की सुबह आठ बजे उक्त किसान मजदूरों को लेने ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव आया तो ग्रामीणों ने ऐसा करने से मना किया, जिसपर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि किसान ने ट्रैक्टर पर ही कपड़े में छुपा के रखी गई लाइसेंसी दोनाली बंदूक से हवाई फायर कर दिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
भीरा थाना इलाके के गढ़ी फार्म निवासी हरबंश सिंह के खेतों में लालूटांडा गांव के मजदूर काम करते हैं। सोमवार को जब मजदूरों को छोड़ने के लिए उनका ड्राइवर गांव आया तो ग्रामीणों ने उसे अगले दिन से कोरोना के चलते गांव आने के लिए मना कर दिया। इस पर मंगलवार को खुद हरबंश सिंह गांव आ गया, लोगों ने विरोध किया तो विवाद हो गया। ऐसे में देखते ही देखते किसान ने ट्रैक्टर पर कपड़े में छिपाकर कर रखी छोटी दोनाली बंदूक निकाल ली और धमकी देने लगा। तब भी लोग डटे रहे तो आरोपी ने बंदूक से हवाई फायर कर दिए। फायर होते ही ग्रामीण तितर-बितर हो गए और किसान ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग खड़ा हुआ। इस बीच फायरिंग की बात सुनकर ग्रामीण जमा हो गए और भीरा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे भीरा कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह ने एक जिंदा एक खोखा कारतूस को कब्जे में लिया। उन्होंने बताया के ग्रामीण रमेश की तहरीर पर आरोपी हरबंश सिंह निवासी गढ़ी फार्म थाना भीरा के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है।
जब रिपोर्ट में जानलेवा हमले की धारा बढ़ानी पड़ी
पुलिस ने गांव निवासी रमेश की तहरीर पर धारा 352, 504, 506 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन नकल मिलने पर ग्रामीण धारा 307 न लगाने पर चौंक गए। इस बात पर ग्रामीण धारा 307 लगाने पर अड़ गए। जानकारी पर ग्राम प्रधान पुत्र शिवराज सिंह भी समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा रिपोर्ट मेें और बढ़ाने की मांग की। ग्रामीणों का दवाब देख एसओ ने कुछ देर बाद ही एक चिट काटा और एफआईआर नंबर 0129 में आईपीसी की धारा 307 बढ़ा दी, इसके बाद ग्रामीण माने।