किराना बाजार में उमड़ी भीड़, किसी को नहीं कोरोना संक्रमण की परवाह। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। लॉकडाउन से निजात मिलने के बाद लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। घर से निकलकर सड़क से लेकर बाजार में भीड़ बढ़ाकर अपने साथ साथ घरवालों की जान भी आफत में डाल रहे हैं। वह भी तब जब जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। जुलाई में तीन माह का लॉकडाउन खत्म करने के बाद शासन ने सितंबर में दो दिन का लॉकडाउन भी समाप्त कर दिया। इसके बाद जिला प्रशासन ने कोरोनाकाल से पहले होने वाली बंदी भी बहाल कर दी। ऐसे में बाजार में भीड़ उमड़ने लगी है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच बाजार में भीड़ लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। न तो लोग एहतियात बरत रहे हैं और न ही दुकानदार। लोगों ने अब मास्क लगाना भी छोड़ दिया है। जबकि अनलॉक में इस तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है।
बरेली में इलाज के दौरान संक्रमित की मौत
गोला गोकर्णनाथ। मरघट रोड निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना जांच कराई गई थी। सात सितंबर को मिली रिपोर्ट में संक्रमित होने की जानकारी पर उन्हें लखनऊ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने उन्हें बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी शुक्रवार को मौत हो गई। पीपीई किट में आए शव का शहर के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हुआ। इसकी पुष्टि मृतक के छोटे भाई ने की। संवाद
पलिया में टूटा रिकार्ड..33 संक्रमित मिले
पलियाकलां। पलिया इलाके में कोरोना संक्रमितों की संख्या ने शुक्रवार को सभी रिकार्ड तोड़ दिए। पूरे पलिया तहसील क्षेत्र में 33 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें से पीलीभीत के पूरनपुर के कबीरगंज के दो और एक बिजुआ सीएचसी का है जबकि बाकी कोरोना संक्रमित पलिया इलाके के हैं। लगातार कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद भी लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। इधर, संक्रमितों के संपर्क में आए 206 लोगों को चिह्नित किया है जिनकी भी जांच कराई जाएगी।