लखीमपुर खीरी। कोरोना को काबू करने के लिए रविवार को अधिकतर लोग घरों में ही लॉक रहे। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह के समय सड़कों पर चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी और वाहन ही दौड़ते नजर आए। इसके बाद मोहल्ले की गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक सन्नाटा छाया रहा। पुलिस बल के अलावा इक्का दुक्का लोग ही सड़कों पर आते जाते दिखे।
शहर ही नहीं पूरे जिले की हवा रविवार को बदली हुई थी। पिछले साल के करीब तीन माह के लॉकडाउन के बाद इस साल यह पहला दिन था जब सड़कों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा था। न तो सड़कों पर बड़े वाहन दिख रहे थे और न ही दो पहिया वाहन एवं पैदल चलने वाले। हर रोज अल सुबह गुलजार हो जाने वाले रोडवेज बसअड्डे पर भी खामोशी छाई रही। कुछ ऐसे ही हालात रेलवे स्टेशन, एलआरपी चौराहा, सौजन्या तिराहा, अस्पताल रोड, संकटा देवी चौकी चौराहा आदि के थे।
रविवार को कर्फ्यू के चलते शहर का बाजार पूरी तरह बंद रहा। ऐसे में अस्पताल रोड के मेडिकल स्टोर्स को छोड़कर शहर का मेन रोड, कचहरी रोड, निघासन रोड आदि जगहों की दुकानें बंद रहीं। इन पर स्थित सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रहीं।
रविवार सुबह 10 बजे मेन रोड पर सन्नाटा रहा। पुलिस के जवान सड़क पर चहल कदमी करते दिखाई दिए। बसंत टाकीज रोड भी सुनसान रही।
दिन में 11:45 बजे रोडवेज बस अड्डे पर सुबह से लेकर शाम तक सन्नाटा रहा। बस अड्डे पर गिनती की सवारियां बैठी मिलीं। यात्रियों की संख्या बेहद कम होने के कारण अधितकर बस मालिकों ने संचालन से हाथ खड़े करा दिए। ऐसे में कई बसें सीतापुर से लौट आई तो वही गोला डिपो की बसें लखीमपुर से वापस हो ली।
दिन में 12 बजे ओवरब्रिज के नीचे फल मंडी में खरीदार नदारद थे। दुकानदारों के कहना था कि दुकानदारी न के बराबर रही।
जिला अस्पताल की ओपीडी पहले ही बंद हो चुकी है, वही निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या न के बराबर रही। कुछ डॉक्टर एक दो मरीजों को देखते मिले। जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया। रविवार को कम ही मेडिकल स्टोर खुले। जिला अस्पताल के आसपास स्थित गिनती की दुकानें खुलीं। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के लोगों ने बताया कि जब तक कर्फ्यू है तब तक के लिए सभी मेडिकल स्टोर कारोबारी आपस मे सामंजस्य बनाकर दुकानें खोलें।
गोला: कोरोना के खौफ का पसरा सन्नाटा
गोला गोकर्णनाथ। रविवार को नगर और क्षेत्र में बंदी का पूरा असर रहा। आवश्यक वस्तुओं की दुकानों के अलावा पूरा बाजार बंद रहा।
ममरी। कस्बा ममरी, महेशपुर, अजान, घरथनिया, अहमदनगर, छत्तीपुर, रोशननगर में मेडिकल स्टोर को छोड़ सभी दुकानें पूर्णता बंद रहीं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
संसारपुर। संसारपुर बाजार में मेडिकल स्टोर और फलों की दुकान छोड़ कर पूर्ण बंदी रही।
रोशननगर। कोरोना के चलते मेडिकल को छोड़ कर सभी दुकानें बंद रहीं।
अमीरनगर। मेडिकल स्टोर और फल की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहीं।
भीखमपुर। कस्बे के चौराहे पर सन्नाटा नजर आया। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं, मेडिकल स्टोर खुले नजर आए।
मैलानी। रविवार को कर्फ्यू का यहां पूरा असर रहा। मेडिकल स्टोर्स को छोड़कर सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहीं।
पलियाकलां। सिर्फ मेडिकल, फल, सब्जी आदि की दुकानें खुलीं। प्राइवेट बस अड्डे पर भी सन्नाटा पसरा रहा। यहां की अधिकतर बसें चुनाव के लिए रिजर्व हैं। ऐसे में शनिवार को बस सेवा पूरी तरह से बंद रही। रविवार को ब्लॉक में चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही थीं जिसके कारण पुलिस बल वहीं ड्यूटी दे रहा था लेकिन इसके बाद भी रविवार को बंद पूरी तरह से सफल रहा और सभी मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा।
मैलानी: नगर पंचायत ने कराया सैनिटाइजर का छिड़काव
मैलानी। कोरोना और संचारी रोगों के संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर पंचायत की ओर से नगर में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। नगर पंचायत कर्मियों ने खुटार रोड स्थित पेट्रोल पंपों, बाईपास स्थित दुकानों, नाले-नालियों, मेन मार्केट की नाले-नालियों, रोड, दुकानों आदि में सैनिटाइजर का छिड़काव किया। इसके बाद रेलवे कॉलोनी रोड, चमन चौराहा होते हुए टीम ने मैलानी गांव पहुंचकर गली मोहल्लों को सैनिटाइज किया। ईओ बृजेश कुमार सविता ने लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मास्क लगाने और नियमित अंतराल पर साबुन से हाथ धाने की अपील की। संवाद