फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: हड़ताल पर संविदा कर्मचारी, ताले में कैद हुईं स्वास्थ्य सेवाएं

Tue, 13 Oct 2026 01:46 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
निर्मल नगर स्वास्थ्य केंद्र में पड़ा ताला, इंतजार करते मरीज। संवाद
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। जिले में सीएचओ, एएनएम और संविदाकर्मियों की हड़ताल का असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल के कई विभागों सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में इलाज सहित अन्य सेवाएं ठप हो गईं। इससे अस्पतालों में पहुंचे मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा।
विज्ञापन


जिले के करीब 322 सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) लखनऊ में बीते कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। वहीं, 400 एएनएम में से करीब 60-80 प्रतिशत एएनएम भी लखनऊ में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रही हैं। वहीं जिले के करीब 700 एनएचएम संविदाकर्मी भी सोमवार से हड़ताल पर हैं। जिले के करीब 1400 स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल का असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है।
सोमवार को जिला अस्पताल के संविदा चिकित्सक हड़ताल पर रहे। इससे मानसिक, एनसीडी क्लीनिक व जिरीयाटिक फिजिशियन का कक्ष बंद रहा। पर्चा बनवाकर चिकित्सक कक्ष के बाहर पहुंचने पर मरीजों को मायूसी हाथ लगी। कई मरीज काफी देर तक इंतजार करते नजर आए। जिला अस्पताल में इन चिकित्सकों की ओपीडी में करीब 250-300 मरीज इलाज के लिए आते हैं।
विज्ञापन

यही हाल शहर के नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों का रहा। नौरंगाबाद, गौटेय्याबाग, राजगढ़ व निर्मल नगर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका मिला। इलाज की आस में पहुंचे मरीज बैरंग लौट गए। शहर के नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन करीब 200-250 मरीजों की ओपीडी होती है। उधर, मोहम्मदी सीएचसी में जन्म प्रमाणपत्र टीकाकरण, ब्लड प्रेशर चेक करने वाला कक्ष बंद मिला। गोला में क्षेत्र का काम प्रभावित हुआ। बिजुआ में टीकाकरण, एक्स-रे, जांच व सफाई व्यवस्था सहित अन्य काम प्रभावित हुए। जबकि निघासन सीएचसी में भी संविदा कर्मियों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल रही।

बेहजम सीएचसी में बंद रही जांच
बेहजम। सीएचसी बेहजम के अंतर्गत कुल 47 संविदा कर्मी हैं। संविदा कर्मियों की हड़ताल की वजह से सीएचसी में टीबी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बाल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जन्म प्रमाण पत्र, मरीजों की विभिन्न जांचे बंद रही। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. अनिल वर्मा ने बताया कुछ संविदा कर्मी हड़ताल पर हैं। इससे 70 प्रतिशत काम बाधित है। संवाद

मितौली में वैकल्पिक स्टाफ ने उठाया जिम्मा
मितौली। सीएचसी मितौली में संविदाकर्मी महिला चिकित्सक और एक एएनएम हड़ताल पर रहीं। हालांकि उनकी जगह स्थायी चिकित्सक ने मरीजों का इलाज किया और स्थाई एएनएम ने टीकाकरण किया। जबकि पीएचसी कैमहरा व चुरईपुरवा में डॉक्टर नहीं है, इन पीएचसी पर फार्मासिस्ट ने इलाज किया और आयुष्मान कार्ड बनवाए। संवाद

अनुपस्थित संविदा कर्मियों को जारी किए जा रहे नोटिस
पसगवां। सीएचसी पसगवां में टीकाकरण व अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बीपीसीएम, ब्लाक एकाउंट मैनेजर, 34 संविदा एएनएम, 20 सीएचओ, आरबीएसके की टीम, दो लैब टेक्नीशियन व एक कम्प्यूटर ऑपरेटर आदि हड़ताल में शामिल हैं। ऐसे में 15 नियमित एएनएम व संविदा स्टाफ नर्स के सहारे टीकाकरण व प्रसव आदि की जिम्मेदारी है। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. अश्विनी वर्मा ने बताया कि तीन टीमों का गठन कर निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस दिए जा रहे हैं। संवाद

प्रोत्साहन राशि की स्थिति के लिए भटकती रहीं धात्री महिलाएं
पलियाकलां। सीएचसी में तैनात 10 संविदा चिकित्सकों सहित करीब 85 संविदा स्वास्थ्य कर्मी हैं। वैक्सीनेशन कक्ष में ताला लटके होने के कारण टीके की पेटियां बाहर दरवाजे पर रखी नजर आईं, इससे मरीजों को आने-जाने में परेशानी हुई। इसके अलावा बीपीएमयू कक्ष भी बंद रहा, जिसके चलते प्रसव के बाद जननी सुरक्षा योजना या अन्य मातृत्व लाभ की प्रोत्साहन राशि की स्थिति जांचने आईं धात्री महिलाएं दिनभर परेशान होकर चक्कर काटती रहीं। संवाद

फोटो 21
बच्चे को बुखार आ रहा है इसलिए राजगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में दवा लेने आए थे। न तो यहां चिकित्सक मिले न ही कोई फार्मासिस्ट, अब प्राइवेट चिकित्सक से दवा लेनी पड़ेगी।
- नीरज मिश्रा, बलदेव नगर

फोटो 22
कुत्ते के काटने की वजह से निर्मल नगर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन लगवाने आए हैं। यहां गेट पर ताला लटक रहा है। अगर कर्मचारी हड़ताल पर है तो विभाग को दूसरे चिकित्सक को बैठाना चाहिए।
- सर्वेश, फत्तेपुर

कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर हैं, उनको समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अगर इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित होती हैं तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से पूरा प्रयास है कि लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलने पर दिक्कत न हो, इसको लेकर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
- डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ

निर्मल नगर स्वास्थ्य केंद्र में पड़ा ताला, इंतजार करते मरीज। संवाद

निर्मल नगर स्वास्थ्य केंद्र में पड़ा ताला, इंतजार करते मरीज। संवाद

निर्मल नगर स्वास्थ्य केंद्र में पड़ा ताला, इंतजार करते मरीज। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें