लखीमपुर खीरी। खुद को बचाने के लिए एसपी कार्यालय में घुसे बिजली उपकेंद्र कचेहरी में कार्यरत संविदा कर्मचारी संदीप की दबंगों ने एसपी कार्यालय से खींचकर पिटाई कर दी। आरोप है कि दबंग युवक उसे उठाकर सदर कोतवाली ले गए और जबरन सुलहनामा लिखवा लिया। बिजली कटने से नाराज दबंग युवक उपकेंद्र पहुंचे थे। बिना किसी बातचीत के संविदा कर्मचारी की पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट से नाराज कर्मचारियों ने सीओ सिटी और एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। चकदमनपुर निवासी संदीप ने बताया कि वह लखीमपुर टाउन कचेहरी उपकेंद्र पर संविदा सहायक परिचालक के पद पर तैनात है। बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे काशीनगर इलाके की बिजली कटी थी। बिजली के बारे में पता करने को एक फोन आया था। कहा कि तुम लोग बिजली काट देते हो हम सो नहीं पाते। 10 से 15 मिनट में बिजली आने की बात सुनकर काशीनगर निवासी 15 से 20 लोग उपकेंद्र पहुंचे और कहा कि बिजली क्यों नहीं दे रहे हैं। फेज कट जाने की सुनते ही अपना नाम शिवांशु भदौरिया बताने वाला युवक और उसके साथियों ने उपकेंद्र पर रखे अभिलेखों को फाड़ना शुरू कर दिया। मना करने पर युवकों ने संदीप से गाली-गलौज की और मारने-पीटने लगे। संदीप का आरोप है कि बचने के लिए वह एसपी कार्यालय में चला गया। युवक वहां भी आ गए और उस एसपी कार्यालय से खींच लाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी उसे नहीं बचाया।
जबरन कोतवाली ले गए और करा लिया सुलहनामा
संदीप का आरोप है कि युवक उसे जबरन सदर कोतवाली ले गए। जहां सुलहनामा करा लिया। संदीप का कहना है कि उसे उपकेंद्र पर भी मारा-पीटा गया। उपकेंद्र परिचालक इंद्रपाल मौर्या ने बताया कि बिजली कटौती के समय कई फोन आए थे। उसी समय एक युवक ने फोन पर बात की थी। थोड़ी देर में कई युवक उपकेंद्र आए और संविदा सहायक परिचालक से मारपीट की। एसएसआई सुनीत कुमार ने बताया कि आपस में विवाद हुआ था। सुलहनामा के समय विभाग के कई लोग मौजूद थे। मामले की जांच कराएंगे।