धौरहरा। ढखेरवा-सिसैया मार्ग पर बबुरी मोड़ के पास बुधवार दोपहर रोडवेज की अनुबंधित बस और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
रोडवेज की अनुबंधित बस (यूपी 31 बीटी 1292) और ई-रिक्शा की भिड़ंत में ई-रिक्शा चालक नौरंगाबाद, थाना ईसानगर निवासी शिवकुमार उर्फ विश्वनाथ (40), संतोष कुमार (30) और कन्हैयादीन पुरवा निवासी गोलू उर्फ रवि (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर परिजन और स्थानीय लोग घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा ले गए। वहां अधीक्षक डॉ. रवि सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बस को कब्जे में लेकर चालक लाल्हापुर, गोला निवासी राजकुमार गुप्ता को हिरासत में ले लिया।