लखीमपुर खीरी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने और छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने का विरोध किया।
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में लखीमपुर खीरी में बुधवार को कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा के साथ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और डीएम कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को दिल्ली में छात्रों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुई पुलिस कार्रवाई और हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डीएम का वाहन भी काफी देर तक रोककर रखा।
पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया। जंतर-मंतर पर कुछ बाहरी लोगों के हाथों में पुलिस के डंडे देखे गए, जिनकी निष्पक्ष जांच की मांग की गई। पूर्व सांसद ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। कांग्रेस ने नीट पेपर लीक प्रकरण में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान कलक्ट्रेट में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रहा।