गोला में शारदीय नवरात्र पर सजे मां वैष्णो दरबार को दर्शन के लिए जाते स्कूली बच्चे। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। चीनी मिल की पुरानी कॉलोनी स्थित मां वैष्णो के कृत्रिम दरबार के लिए विद्यार्थियों ने पदयात्रा निकाली। स्कूली बच्चों ने ऊंची-नीची कृत्रिम पहाड़ियों से होते हुए मां वैष्णो और मां ज्वाला की ज्योति के दर्शन किए। इस बीच विद्यार्थी चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है... भजन गाते हुए चल रहे थे।
बुधवार सुबह नगर पालिका परिषद परिसर से विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य कल्याण समिति के महामंत्री शैलेंद्र सक्सेना के मार्गदर्शन में स्कूली बच्चों की धार्मिक पदयात्रा निकाली गई। पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने देवी मां के रूप में सजी झांकी का पूजन कर पदयात्रा का प्रस्थान कराया। रास्ते में कई जगह पर श्रद्धालुओं ने पदयात्रा का स्वागत कर बच्चों को जलपान कराया।
स्कूली बच्चों ने देवी मां का पूजन कर विद्या का दान और सुख-समृद्धि की कामना की। समिति महामंत्री शैलेंद्र सक्सेना ने बताया कि पदयात्रा में विभिन्न स्कूलों के 1200 से अधिक बच्चे शामिल हुए।
इस मौके पर अवधेश श्रीवास्तव दीपू, अनुज खरे, संजय तिवारी, आलोक तिवारी, महेंद्र वर्मा, संजीव दीक्षित, श्रीकृष्ण शर्मा, राजेश कश्यप, अंकित वर्मा, रामनरेश वर्मा और रविंद्र कटियार आदि मौजूद रहे।