धौरहरा। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के सिसैया बहराइच मार्ग पर एक कंटेनर और डीसीएम में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। घटना में डीसीएम चालक की मौके पर मौत हो गई, कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के सिसैया बहराइच मार्ग पर सिसैया ओवरब्रिज से सौ मीटर पहले रविवार की रात पंजाब से गोरखपुर जा रही डीसीएम को सामने से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। डीसीएम चालक आतिफ खान (40) पुत्र शेर खान निवासी अकबराबाद टांड़ा जिला रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
कंटेनर चालक फुरकान (45) पुत्र अत्तन खान निवासी मल्हुपुरा भगतपुर जिला मुरादाबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी धौरहरा भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।