पंचायत चुनाव में आचार संहिता का पालन कराने के लिए अभियान चलाकर वाहन चेकिंग की गई और बैनर, पोस्टर होर्डिंग हटवाए गए। इस दौरान नीमगांव चौराहे पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बेहजम चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे भाकियू प्रवक्ता ओमदीन के प्रचार वाहन से पार्टी का झंडा उतरवा दिया।
वाहन पर भाकियू जिलाध्यक्ष महादेव प्रसाद वर्मा मौजूद थे, जिनसे नोकझोंक भी हुई। बाद में भाकियू जिलाध्यक्ष ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए पहली अक्तूबर को मौजी नसीरुद्दीन भवन प्रांगण में धरना प्रदर्शन का एलान किया है। उधर, झंडा उतरवाए जाने की बाबत एसडीएम मितौली शादाब असलम ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। फिलहाल वाहन पर झंडा लगाना अवैध है।
जंगबहादुरगंज। पंचायत चुनाव में आचार संहिता के चलते सीओ हरेंद्र सिंह ने पसगवां, उचौलिया, महमदपुर ताजपुर और जंगबहादुरगंज में प्रत्याशियों के बैनर तथा होर्डिंग हटवाए। इसके अलावा मोहम्मदी और पसगवां ब्लाक क्षेत्र के बीडीसी प्रत्याशियों के मतपत्रों की जांच कल भी की जाएगी।
सिकंद्राबाद। आचार संहिता का पालन कराने के लिए एसडीएम मितौली ने पुलिस बल के साथ बेहजम, नीमगांव में झंडा बैनर उतरवाए। उधर, सिकंद्राबाद में चौकी प्रभारी ने 50 होर्डिंग बैनर उतरवाए।