त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए 28 और 29 सितंबर को हुए नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को की गई। जांच में न तो जिला पंचायत सदस्य पद का कोई नामांकन खारिज हुआ न ही क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का। नामांकन पत्रों की जांच के बाद गुरुवार को वैध उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। तीन अक्तूबर को सुबह आठ बजे से तीन बजे तक नाम वापसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
पंचायत चुनाव के पहले चरण में मोहम्मदी, पसगवां, बेहजम और मितौली ब्लाकों के जिला पंचायत सदस्यों के 20 वार्डों के लिए 367 नामांकन दाखिल हुए थे। बुधवार को निर्वाचन अधिकारी/ सीडीओ नितीश कुमार के नेतृत्व में नामांकन पत्रों की जांच की गई। पहले दिन की जांच में कोई भी नामांकन रद् नहीं हुआ है। गुरुवार को जिला पंचायत सदस्य पद के वैध उम्मीदवारों की सूची चस्पा कर दी जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच के चलते कलक्ट्रेट में बुधवार को भी दिनभर गहमा-गहमी रही।
उधर पहले चरण के चार ब्लाकों मोहम्मदी, पसगवां, बेहजम और मितौली में भी क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए हुए नामांकन पत्रों की जांच का काम दिन भर जारी रहा। चारों ब्लाकों में एक भी नामांकन पत्र जारी होने की सूचना नहीं है। नामांकन पत्रों की जांच को लेकर ब्लाक मुख्यालयों पर उम्मीदवारों के बीच काफी उत्सुकता रही। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के वैध नामांकन पत्रों की सूची गुरुवार को शाम तीन बजे जारी की जाएगी।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 367 नामांकनपत्र दाखिल हुए थे। इनमें पहले दिन 156 और दूसरे दिन 211 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इसी तरह क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए बेहजम में कुल 432, मितौली में 727, मोहम्मदी में 652 और पसगवां में 951 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए थे।