लखीमपुर खीरी। लालपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में फुटबॉल और एथलेटिक्स के अंशकालिक कोच का कार्यकाल 20 मार्च को समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के अभ्यास पर असर पड़ने की आशंका थी। खिलाड़ियों की परेशानी को देखते हुए शासन ने दोनों कोच का कार्यकाल पुनः बढ़ा दिया है।
उप क्रीड़ाधिकारी मो. इरफान ने बताया कि फुटबॉल कोच ओमप्रकाश और एथलेटिक्स कोच संजय यादव के नवीनीकरण से खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब स्टेडियम में नियमित अभ्यास जारी रहेगा और खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
खिलाड़ियों ने कहा कि कोच के अभाव में अभ्यास प्रभावित हो रहा था, लेकिन अब नियमित मार्गदर्शन मिलने से आत्मविश्वास बढ़ा है और तैयारी मजबूत होगी।
फुटबॉल कोच ओमप्रकाश ने कहा कि कार्यकाल बढ़ने से खिलाड़ियों के साथ निरंतर काम करने का मौका मिलेगा, जिससे टीम के प्रदर्शन में सुधार होगा। वहीं एथलेटिक्स कोच संजय यादव ने भी कहा कि निरंतर प्रशिक्षण से खिलाड़ियों को नई तकनीकों के साथ बेहतर तैयार किया जा सकेगा।
आज से कुश्ती दंगल
गोला गोकर्णनाथ। नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज स्थित राजेंद्र गिरि स्टेडियम में दो दिवसीय राष्ट्रीय एकता कुश्ती दंगल सात अप्रैल से शुरू होगा। आयोजक जिला पंचायत सदस्य वारिस अली ने बताया कि सात और आठ अप्रैल को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक दंगल का आयोजन होगा, जिसमें देश के नामचीन पुरुष व महिला पहलवान हिस्सा लेंगे।