तीन देशी बंदूक, दस जिंदा कारतूसों के अलावा शिकार के हथियार बरामद
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की महुरेना बीट के जंगल से पुलिस ने वन विभाग की मदद से छह शिकारियों को पकड़ा है। इनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण, वन अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत थाना मैलानी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़े गए शिकारियों के पास से तीन देशी बंदूक 12 बोर, दस जिंदा कारतूस के अलावा चाकू, भाला, रस्सी, टार्च आदि बरामद हुए हैं।
थाना मैलानी के अंतर्गत प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव के नेतृत्व में बांकेगंज चौकी प्रभारी केके यादव अन्य पुलिस कर्मियों के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी बीच पुलिस टीम ने महुरेना बीट कंपार्टमेंट 21 में तालाब के निकट फॉयरिंग की आवाज सुनी। पुलिस टीम वन दरोगा राजेंद्र वर्मा के साथ मौके पर पहुंची और वहां छह लोगों को मौजूद पाया। बताया जाता है कि ये लोग वन्यजीवों के शिकार का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने इन सभी को दबोच लिया।
थाना मैलानी के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि पकड़े गए अमखेरवा निवासी नेतराम, गंगापुर निवासी शिवचरन, श्रीकेशन लोनिया, राम निवास लोनिया के अलावा बांकेपुर गांव निवासी विक्रम उर्फ भूरे और फरिासत के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इनमें मुख्य आरोपी नेतराम हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले ही अवैध कटान समेत कई वनापराध के मामले दर्ज हैं।
बांकेगंज कस्बा के निकट शिकारियों को पकड़ने वाली इस संयुक्त टीम में सतीश चंद्र यादव, राजेंद्र वर्मा, वन दरोगा सागर कुशवाहा, वन रक्षक हेड कांस्टेबल राजेश त्रिवेदी, राकेश कुमार यादव, विकास पवार, मोहित कुमार, इंद्रेश, जागिन्दर सिंह, शोभित कुमार, वॉचर राम सिंह और सलीम शामिल हैं।