लखीमपुर खीरी। जिले में टिटनस-डिफ्थीरिया अभियान व नियमित टीकाकरण को सफल बनाने के लिए सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बृहस्पतिवार को धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। सीएमओ कार्यालय में आयोजित बैठक में अभियान की आवश्यकता, महत्व व सुरक्षा पहलुओं पर जानकारी दी गई।
सीएमओ ने बताया कि 10 से 16 वर्ष के बच्चों को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए टीडी वैक्सीन जरूरी है। धर्मगुरुओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने समुदायों, धार्मिक आयोजनों व सभाओं में इस अभियान का प्रचार करें, ताकि समाज में व्याप्त किसी भी प्रकार की भ्रांतियों को दूर किया जा सके और अधिक से अधिक बच्चे इस अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में सीएमओ ने प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भी कहा। बताया कि इस योजना के तहत सालाना पांच लाख का इलाज लाभार्थी करा सकते हैं। इस दौरान टीकाकरण कैलेंडर भी बांटे गए, जिससे बच्चे के टीकाकरण की तारीख याद रखने में आसानी हो। साथ ही टीबी उन्मूलन के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रवि मोहन गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी रोहित सिंह, डब्लूएचओ प्रतिनिधि, यूनिसेफ प्रतिनिधि, डब्ल्यूजेसीएफ के प्रतिनिधि सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।