लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवार के 1000 जोड़ों की शादी कराने के लिए डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने समाज कल्याण विभाग के निदेशक से पांच करोड़ रुपये की डिमांड की है। इस वित्तीय वर्ष में 313 जोड़ों की शादी के लिए एक करोड़ 59 लाख 63 हजार रुपये बजट मिला था। इसमें से 265 जोड़ों की शादी पर एक करोड़ 35 लाख 15 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। समाज कल्याण विभाग के पास 48 जोड़ों की शादी के लिए 24 लाख 48 हजार रुपये उपलब्ध हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि एक जोड़े की शादी पर 51 हजार रुपये व्यय होते हैं। इसमें 35 हजार रुपये एकमुश्त जोड़े की युवती के खाते में भुगतान किया जाता है। जबकि 10 हजार रुपये से जोड़ों को बर्तन, जेवर आदि उपहार दिए जाते हैं। शेष छह हजार रुपये टेंट, खाना की व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं। 14 नवंबर 2019 को 351 जोड़ों की शादी कराई जाएगी। इसके लिए जोड़ों केे पंजीकरण कराए जा रहे हैं। इन जोड़ों की शादी कराने के बाद भी पंजीकरण का काम लगातार जारी रहेगा। दिसंबर से फरवरी तक एक हजार जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य है। इसलिए एक हजार जोड़ों की शादी कराने के लिए अतिरिक्त धन की डिमांड की गई है।