मैलानी। खुटार-गोला मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। चालक के पास हेलमेट नहीं था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम पंचायत सुआबोझ के ग्राम सुरजनपुर निवासी कृष्ण कुमार का 26 वर्षीय पुत्र रविंद्र कुमार मंगलवार की शाम करीब सात बजे बाइक से गांव निवासी साथी भीम सिंह (23) के साथ खुटार (शाहजहांपुर) स्थित एटीएम से पैसा निकालने जा रहा था। शाम पौने आठ बजे खुटार-गोला मार्ग पर खुटार से पहले ही उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार उसका साथी भीम सिंह घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी खुटार में भर्ती कराया। रविंद्र की मौत की खबर पाकर घर में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बहन के लिए रिश्ता देखने जाना था रविंद्र को
रविंद्र के चाचा मनीष ने बताया कि रविंद्र बुधवार को अपनी बहन ललिता के लिए रिश्ता देखने की बात कह रहा था। इसी के चलते उसने रात को एटीएम से पैसा निकाल कर रख लेने की बात सोची। लेकिन मंगलवार को सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।