पिछले तीन दिन से मौसम ने अपने तेवर तो ढीले किए हैं लेकिन मौसम साफ होने पर कड़ी धूप निकलने के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं जिससे दिन में 11 बजे तक मौसम खुशनुमा रहा लेकिन बादल छटने के बाद एक बार फिर कड़ी धूप निकल आई और लोगों की परेशानियां बढ़ गईं। एक बार फिर लोग गर्मी से बिलबिला उठे।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे पहले पूरी रात ठंडी हवाएं चलते रहते से मौसम ठंडा रहा और लोग अच्छी नींद ले पाए। सुबह जब लोग सोकर उठे तो आसमान में बादल छाए हुए थे और ठंडी हवाएं चल रहीं थी। जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदा-बांदी भी हुई। इससे गर्मी से राहत मिली।
दोपहर बाद आसमान से बादल छटे तो कड़ी धूप निकल आई। धूप इतनी तेज और चमकदार थी कि कुछ ही देर में लोगों को पसीने छूट गए। सुबह बादलों को देखकर लोगों को उम्मीद जगी थी कि शायद बारिश हो और गर्मी से निजात मिले लेकिन ऐसा हो न सका।