शौच जाते समय महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों को रोकने और खुले में शौच की प्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से सांसद रवि प्रकाश वर्मा के पैतृक गांव छितौनिया में जिले का पहला महिला सुलभ कांप्लेक्स खोला गया है। मंगलवार को सपा सांसद रवि प्रकाश वर्मा और जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में डीएम किंजल सिंह ने सुलभ कांप्लेक्स का उद्घाटन किया। डीएम ने कहा कि सुलभ कांप्लेक्स में महिलाओं के शौच जाने, नहाने और कपड़ा धोने आदि की अच्छी व्यवस्था की गई है। इससे महिलाओं की दिक्कत कम होंगी।
छितौनिया ग्राम पंचायत की महिला ग्राम प्रधान अंकेश वर्मा की पहल पर खुले इस सुलभ कांप्लेक्स में दस लैट्रीन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्नानघर आदि की भी व्यवस्था की है। डीपीआरओ योगेंद्र कटियार के मुताबिक महिला सुलभ कांप्लेक्स का निर्माण बीआरजीएफ, ग्राम निधि और क्षेत्र पंचायत निधि से हुआ है। कांप्लेक्स में सोलर पंप और सोलर लाइट की भी व्यवस्था की गई है। जिससे बिजली जाने के बाद भी महिलाओं को कोई दिक्कत नहीं होगी। छितानिया में कांप्लेक्स के उद्घाटन मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंची डीएम किंजल सिंह ने कहा कि इससे अन्य ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को प्रेरणा लेना चाहिए, जिससे खुले में शौच जाने की प्रथा को समाप्त करने में मदद मिलेगी। महिला सुलभ कांप्लेक्स खुलने पर ग्रामीण भी खुश नजर आ रहे थे। इस मौके पर परियोजना निदेशक डॉ. दिनेश कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी वीके सिंह, सीएमओ डा. विजय सिंह चौहान, स्वच्छता मिशन के जिला समन्वयक नंदकिशोर दीक्षित समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।