पलिया तहसील सभागार में बोलते न्यायाधीश। संवाद
पलियाकलां। उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश राजीव सिंह ने पलिया में स्थापित नए सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट का विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। न्यायालय के शुभारंभ के बाद सिविल जज जूनियर डिवीजन रवि पांडेय ने कामकाज शुरू कर दिया।
तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक न्यायाधीश ने कहा कि यहां पर सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट हो जाने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और उनको जिले पर कुछ मामलों के लिए नहीं जाना पड़ेगा। कहा कि न्यायालय की गतिविधियों को सही व समय से संचालित करने के लिए अधिवक्ताओं का सहयोग भी जरूरी है।
उन्होंने अधिवक्ताओं व अधिकारियों से वार्ता की और सभी से सहयोग का आह्वान किया। इस दौरान एसडीएम रत्नाकर मिश्रा, तहसीलदार आरती यादव, नायब तहसीलदार दिलीप कुमार मौजूद रहे। प्रशासनिक न्यायाधीश ने न्यायालय के पीछे पड़ी जमीन पर रुद्राक्ष, आम और अमरूद के पौधे भी रोपे। इस दौरान जनपद न्यायाधीश सैय्यद माउज बिन आसिम, अपर जिला जज सुभाष चंद्रा, सीजेएम प्रमोद यादव आदि न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।