गुलरिया। बिजली विभाग में लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है, बिजुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुड़िया हेमसिंह निवासी सरीफुलहसन ने दो साल पहले बिजली का कनेक्शन कटवा दिया था, लेकिन विभाग के कागजों में कनेक्शन चलता रहा, जब अमीन 57 हजार 267 रुपये वसूलने के लिए आरसी लेकर पहुंचा तो उपभोक्ता के होश उड़ गए।
मुडिया हेमसिंह निवासी शरीफुल हसन ने बताया कि वह करीब 20 साल से लखीमपुर में रहते हैं। पैतृक गांव मुडिया हेमसिंह में लिया गया बिजली का कनेक्शन दो साल पहले ही कट चुका है, और उन्होंने सारा बकाया भी जमा करवा दिया था। बुधवार की सुबह जब हल्का अमीन तहसील से जारी आरसी लेकर बिजली की बकाया राशि 57267 रुपये की आरसी लेकर वसूली करने पहुंचा तो घर पर मौजूद शरीफुल हसन के के पिता खलील अहमद के होश उड़ गए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से बरती गई लापरवाही में सुधार करने की मांग की।
---------------
कभी कभी उपभोक्ताओं का बिल सिस्टम में चलता रहता है और रजिस्टर में काट दिया जाता है। कनेक्शन कटते ही विभाग पीडी रसीद जारी कर उपभोक्ता को दे देता है। अगर किसी उपभोक्ता को कोई परेशानी हो रही है या गलत तरीके से कटे हुए कनेक्शन का बिल आ रहा है तो पीडी रसीद दिखाकर समस्या का समाधान प्राप्त कर सकता है। पीडी रसीद लगाकर आरसी भी वापस हो जाएगी।
-उमेश कुमार गौतम जेई