लखीमपुर खीरी। एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों की 213 महिलाओं को पावर कारपोरेशन ने अपना एजेंट बनाया है, जो उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करवाएंगी। इन महिला एजेंट को दो हजार रुपये तक बिल जमा कराने पर 20 रुपये कमीशन दिया जाएगा, जबकि दो हजार से 50 हजार तक बिल जमा कराने पर एक प्रतिशत कमीशन मिलेगा।
एनआरएलएम जनपद के सभी 15 ब्लॉकों में महिला समूह संचालित कर रहा है, जिसके तहत अब तक यूनिफार्म की सिलाई, आंगनबाड़ी लाभार्थियों को राशन वितरण और हस्तशिल्प के उत्पादन का काम हो रहा था। इसके अलावा महिलाएं उचित दर राशन की दुकानों के संचालन में भी आगे आई हैं। अब समूह की महिलाएं बिजली बिलों की भी वसूली करेंगी। इसके लिए महिलाओं को थर्मल प्रिंटर की जरूरत पड़ेगी, जिससे बिल जमा करने पर उपभोक्ता को रसीद दे सकेंगी। एनआरएलएम के उपायुक्त अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पावर कारपोरेशन ने 213 महिलाओं को एजेंट नियुक्त किया है, जो गांवों में बिजली बिल जमा करने का काम करेंगी। इसमें कक्षा आठ तक शैक्षिक योग्यता रखने और स्मार्टफोन चलाने वाली महिलाओं को एजेंट बनाया गया है। उपभोक्ता से बिजली बिल जमा करने के बाद ई-वॉलेट के जरिए यह महिला एजेंट पावर कारपोरेशन के खाते में पैसा जमा करेंगी। इसके लिए महिला एजेंटों को ब्लॉक स्तरीय सीएलएफ के ई-वॉलेट से जोड़ा गया है। सीएलएफ के ई-वॉलेट से महिला एजेंट के ई-वॉलेट को रिचार्ज किया जाएगा।
थर्मल प्रिंटर की उपलब्धता को लेकर फंसा पेच
समूह को महिलाओं को एजेंट बने करीब एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी बिजली बिल जमा करने की दिशा में काम शुरू नहीं हो पाया है। सूत्र बताते हैं कि थर्मल प्रिंटर मशीन खरीदने को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। महिला एजेंट थर्मल प्रिंटर खरीदने में सक्षम नहीं है, जबकि विभागीय अधिकारी उन्हें ही प्रिंटर खरीदने की बात कह रहे हैं। इससे अब तक महिला एजेंट के पास थर्मल प्रिंटर की उपलब्धता नहीं हो सकी हैै।
213 महिला एजेंटों में से एक महिला एजेंट एक्टिव हुई है, जिन्हें प्रशिक्षण देकर कामकाज करने का तरीका बताया गया है। थर्मल प्रिंटर मशीन महिला एजेंट को स्वयं खरीदनी है या फिर एनआरएलएम द्वारा व्यवस्था कराई जा सकती है। सभी महिला एजेंट को शीघ्र एक्टिव करने के लिए प्रयास जारी हैं।
-अरविंद सिंघल, अधीक्षण अभियंता, पावर कारपोरेशन