निघासन-तिकुनियां। नेपाल सीमा पर बह रही मुहाना नदी के कटान और बाढ़ को लेकर बांध बनाए जाने के प्रस्ताव को तकनीकी विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान खारिज कर दिया। अधिकारियों ने मुहाना नदी में कटान रोकने के लिए ठोकर निर्माण कराए जाने की बात कही है। जबकि ग्रामीणों ने बांध बनाए जाने की मांग की है।
नेपाल से निकली मुहाना नदी हर साल बारिश के दिनों में सीमा से लगे गांव गंगानगर, रामनगर, इंद्र नगर, सूरत नगर, जनकपुर , कौड़ियाला, रमवापुर, खैरटिया आदि गांवों में कहर बरपाती है। बाढ़ और कटान का दंश ग्रामीण झेल रहे है। बाढ़ और कटान को रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने अगस्त माह में चार किलोमीटर बंधा बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। रकम अधिक होने के कारण प्रशासन ने इसे खारिज करते हुए तकनीकी विभाग को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। तकनीकी विभाग के मुख्य अभियंता महेंद्र कुमार निगम, मुख्य अभियंता प्रवीण कुमार, अधीक्षण अभियंता प्रभाकर प्रसाद, सिंचाई विभाग सीतापुर हिमांशु कुमार ने बताया कि बेला परसुआ के गांव चाउफेरी में एक हजार, दीप नगर में सौ, इंद्र नगर में 22, फरेंदाफार्म में तीन सौ मीटर ठोकरों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 20-20 मीटर की दूरी पर पर पाइन बनाई जाएगी। संवाद