लखीमपुर खीरी। नकहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बड़ागांव में विकास कार्यों में गड़बड़ी करने के आरोप में डीपीआरओ मनोज कुमार ने तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) नरेंद्र कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। सचिव की मौजूदा समय में ईसानगर ब्लॉक में तैनाती है। मामले की जांच पलिया के एडीओ पंचायत को सौंपी गई है।
नकहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बड़ागांव में विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शिकायत की थी, जिसके बाद डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सहायक निदेशक मत्स्य से जांच कराई थी। आरोपों की पुष्टि होने पर डीएम ने प्रधान के खिलाफ नोटिस जारी की थी। इसके बाद डीपीआरओ ने तत्कालीन सचिव को निलंबित कर दिया है। सचिव के खिलाफ बिना टेंडर प्रक्रिया अपनाए 5.50 लाख शासकीय धनराशि के दुरुपयोग का आरोप है। संवाद