लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत गांवों में बनाए जा रहे पंचायत भवनों और सामुदायिक शौचालयों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम सोमवार को एनआईसी में हुआ। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के 1002 सामुदायिक शौचालयों और 73 पंचायत भवनों का लोकार्पण किया। जबकि 164 शौचालयों और 480 पंचायत भवनों का शिलान्यास किया गया।
ऑनलाइन लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की मौजूदगी में सामुदायिक शौचालयों और पंचायत घरों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई ग्राम प्रधानों से उनकी सफलता की कहानी सुनी एवं उनके उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत भवन को मिनी सचिवालय की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। बैंक सखी को भी ग्राम सचिवालय से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 100 दिनों के अंदर परिषदीय विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि आज शिलान्यास होने वाले पंचायत घरों एवं सामुदायिक शौचालय के निर्माण समय से पूरे किए जाएं। कार्यक्रम में सांसद अजय मिश्र टेनी, विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ अरविंद सिंह, डीसी मनरेगा राजनाथ प्रसाद भगत, डीपीआरओ मनोज कुमार यादव, एडीपीआरओ जितेंद्र गौड़ भी शामिल हुए। संवाद