पलिया विधायक को ज्ञापन देते दुकानदार।
- फोटो : LAKHIMPUR
संसारपुर। नेशनल हाईवे नंबर 730 के निर्माण एवं चौड़ीकरण की प्रक्रिया में संसारपुर कस्बे के कई मकान एवं दुकानें इसकी जद में आ गए है। जिन्हें बुलडोजर से तोड़ने की तैयारी है। हाईवे चौड़ीकरण की आने वाले मकान और दुकानों पर चिह्न भी लगा दिए गए है। जिससे परेशान होकर तमाम लोगों ने पलिया विधायक रोमी साहनी को अपना दुखड़ा सुनाते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा है।
हाईवे चौड़ीकरण में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने कस्बे में मकानों, दुकानों पर मध्य रोड से 65 फुट पर निशान लगा दिए गए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अभी सड़क का मात्र चौड़ीकरण ही होना है जिसमें इतनी जगह का अधिग्रहण होने से अधिकांश दुकान और मकान टूट जाएंगे, जिससे लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। कस्बे में इसे लेकर अफरा तफरी मची हुई है। इधर कई दिनों तक लगातार प्रयास करने के बाद भी जब लोगों को सही जानकारी नहीं मिली तो तमाम दुकानदारों, ग्रामीणों ने पलिया विधायक रोमी साहनी से मिलकर उन्हें अपनी समस्या बताई और उसका निदान कराए जाने की मांग की। लोगों का कहना है कि जब सड़क का चौड़ीकरण मात्र ही होना है, कोई फोरलेन सड़क नहीं बन रही है, तो उसमें इतनी जगह का लेना गलत है। विधायक रोमी साहनी ने डीएम शैलेंद्र सिंह से फोन पर वार्ता कर इस मामले की जांच करवा कर समस्या का निराकरण करने को कहा। इस मौके पर ग्राम प्रधान रामप्रसाद देवल, किशोर गुप्ता, मुकेश वर्मा, मुकेश राजपूत, व्यापार मंडल अध्यक्ष गोवर्धन लाल गुप्ता, प्रदीप वर्मा, प्रभुदयाल वर्मा आदि मौजूद रहे।