लखीमपुर खीरी। संचारी रोग नियंत्रण, कोविड-19 की रोकथाम और दस्तक अभियान के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रमों में सहयोग न करने के चलते जिला कार्यक्रम अधिकारी ने 54 आंगनबाड़ी वर्करों को शोकाज नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही संबंधित सीडीपीओ से भी जवाब-तलब किया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके श्रीवास्तव ने बताया कि विभिन्न अभियानों के तहत गांवों में संचालित कार्यक्रमों में धौरहरा ब्लॉक की 12, रमियाबेहड़ की 21, बिजुआ की सात, बांकेगंज की 10, मोहम्मदी की चार आंगनबाड़ी वर्कर सहयोग नहीं कर रहीं थीं। यूनीसेफ के स्पेश ग्लोबलाइजेशन नेटवर्क द्वारा किए गए सर्वे में राज्य औसत से भी जनपद का कम औसत पाया गया है। इससे एक पखवाड़ा पहले जनपद के दौरे पर आए आयुक्त मुकेश मेश्राम ने समीक्षा के दौरान लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्करों पर अंकुश लगाने में सीडीपीओ/मुख्य सेविकाओं की लापरवाही पाई गई है। इसलिए संबंधित से जवाब-तलब किया है।