पलियाकलां। शारदा नदी अब भी खतरे के निशान से 48 सेमी ऊपर बह रही है। नदी ने खेतिहर इलाके में अब कटान भी शुरू कर दिया है। रास्तों पर अब भी पानी भरा हुआ है। श्रीनगर के क्रास पिलर के पास पानी पहुंच गया है। इससे श्रीनगर गांव के ग्रामीणों में दहशत है।
जल आयोग के जेई दुर्गेश कुमार ने बताया कि फिलहाल नदी स्थिर है, लेकिन रविवार को दोपहर तीन बजे तक नदी खतरे के निशान 154.100 सेमी से 48 सेमी ऊपर 154.580 सेमी पर बह रही थी। बनबसा बैराज से पानी न पास किए जाने से नदी का जलस्तर स्थिर है। उधर स्थिर जलस्तर के बाद नदी ने खेतिहर इलाके में तेजी से कटान करना शुरू कर दिया। इमलिया फार्म तथा ठोकर नंबर एक बोझवा के रास्तों पर अब भी पानी भरा है। श्रीनगर गांव के किनारे लगे क्रास पिलर के पास पानी पहुंच गया है। आजादनगर, बर्बानगर, मेलाघाट, नगला मार्गो पर पानी भरा होने के कारण आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
नयापुरवा गांव के नजदीक पहुंची शारदा नदी
मझगईं रविवार को शारदा नदी का पानी कम होने के बाद नयापुरवा गांव के कई घर कटान की जद में आ गए। जिससे यहां हड़कंप मचा हुआ है। विष्नूपुर से खालेपुरवा जाने वाले रास्ते के अलावा खालुपेरवा से कुंवरपुर जाने वाले मार्ग पर बने रपटा पुल पर भी काफी पानी चल रहा है। जिससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से इलाके में पानी भरा हुआ है लेकिन प्रशासन ने अब तक ध्यान नहीं दिया है।