महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ क्षेत्र में शारदा नदी के उफान में मामूली अंतर आने से मिलपुरवा संपर्क मार्ग से पानी उतर गया। इससे लोगों को राहत मिलती नजर आई। उधर, खगईपुरवा में ग्रामीणों द्वारा बंधे पर बनाया गया बांस-बल्ली का पुल धराशायी हो गया, इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई।
यहां बता दें कि पूर्व में बना पक्का रपटा पुल टूटने के बाद ग्रामीणों ने आवागमन के लिए बंधे पर बांस बल्ली का अस्थायी पुल बना लिया था। शारदा के उफान से बंधे का जलस्तर बढ़ा तो बांस बल्ली का अस्थायी पुल धराशाई हो गया। इससे ग्रामीणों को एक बार फिर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि नदी के उफान से खगईपुरवा समेत कई गांव टापू बने हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से नाव का इंतजाम किया गया है। गांव निवासी राकेश, कामता प्रसाद, विनोद, दयाराम आदि ने बताया कि गांव के बाशिंदों को तटबंध तक निकलने के लिए सिर्फ एक ही नाव प्रशासन ने दी है। गांव की आबादी करीब एक हजार है, ऐसे में एक नाव नाकाफी साबित हो रही है। घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। वहीं मेहंदी और बहालीपुरवा में भी प्रशासन ने एहतियातन दो नाव उपलब्ध करा दी हैं।