बिजुआ। गुलरिया में स्टेट हाईवे के किनारे निर्माणाधीन नाला खुदाई से दीवारें दरकने की खबर से जेसीबी की खुदाई रुक गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब सड़क चौड़ीकरण के नाम पर एक तरफ आठ मीटर रोड साइड पीडब्ल्यूडी विभाग ने ले ली थी, तो अब साढ़े आठ मीटर पर खुदाई कराने की कोई तुक नहीं है।
बुधवार को अमर उजाला ने गुलरिया गांव में नाला निर्माण की धीमी गति और खुदाई से सड़क किनारे बने मकानों और दीवारें दरकने की खबर प्रकाशित की थी, ऐसे में बुधवार को जब जेसीबी के साथ कर्मचारी एक बार फिर खुदाई करने गुलरिया पहुंच तो वहां पर बीच सड़क से साढ़े आठ मीटर रोड नापकर ठेकेदार ने खुदाई करने को कहा, ऐसे में लोगों के विरोध से पहले ही जेसीबी चालक ने मशीन चलाने से मना कर दिया, उसने कहा कि कम जगह होने और बारिश के चलते मिट्टी गीली होने से दीवारें गिरने का डर है, ऐसे में वह खुदाई नही करेगा। वहीं ग्रामीणों को जब पता चला कि खुदाई के लिए बीच सड़क से साढ़े आठ मीटर नापकर खुदाई कर रहे हैं, तो लोग विरोध करने लगे। कहा कि फरवरी माह में मजिस्ट्रेट (नायब तहसीलदार) की मौजूदगी में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशाषी अभियंता और उनकी टीम ने 16 मीटर रोड की जगह नापकर करीब 36 मकान और दुकानें तोड़ी थीं, तो अब 17 मीटर नापकर खुदाई कराने का कोई औचित्य नहीं है।