खमरिया (लखीमपुर खीरी)। सर्प दंश से युवक की मौत होने के बाद बृहस्पतिवार की रात सांप ने मृतक के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी और 15 वर्षीय साली को डस लिया। घर वाले दोनों को सीएचसी लाए, जहां से डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां महिला की मौत हो गई, जबकि किशोरी जिला अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत नाजुक बनी है।
गांव तमोलीपुरवा निवासी प्रमोद कुमार (25) सात जुलाई की रात घर में सो रहा था। इस बीच उसे जहरीले सर्प ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। परिवार वालों ने बुधवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गुरुवार की रात घर की महिलाएं कमरे में जमीन पर सो रहीं थीं। रात में सांप ने मृतक प्रमोद के छोटे भाई मिथिलेश की गर्भवती पत्नी पूजा (30) और बगल में लेटी उसकी 15 वर्षीय साली निष्ठा को भी डस लिया। आनन-फानन में परिवार वाले दोनों को लेकर सीएचसी खमरिया पहुंचे। जहां से हालत में कोई सुधार न होने पर डॉक्टर ने दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय लाने के बजाए धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव टेनगनहां में झाड़-फूंक कराने के लिए लेकर चले गए। जहां पूजा की हालत और अधिक बिगड़ गई। इस पर दोनों को लेकर आनन-फानन में जिला अस्पताल आए, जहां डॉक्टर ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिवार वालों को जिंदा होने की आस नहीं टूटी। मायके और ससुराल के लोग शव को लेकर झाड़-फूंक के लिए घूमते रहे। चारों तरफ से निराशा हाथ लगने के बाद परिवार वाले शव घर ले आए।