मैलानी (लखीमपुर खीरी)। ग्राम पंचायत सलावतनगर में मनरेगा के तहत चल रहा चकरोड पटान का काम आपत्ति पर बुधवार शाम करीब सवा पांच बजे पुलिस ने रुकवा दिया। पुलिस का कहना है कि किसी भी विवाद की स्थिति में राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में चिह्नाकन के बाद ही वहां काम करवाया जाएगा।
ग्राम पंचायत सलावतनगर में मोहल्ला दामोदरपुर से नगर पंचायत की सीमा तक चकरोड पर मनरेगा के तहत मिट्टी पटान का काम पुलिस की मौजूदगी में रोजगार सेवक उदयभान ने दोपहर बाद शुरू करवाया था। इसी बीच शाम करीब सवा पांच बजे चकरोड से लगे एक खेत मालिक की महिलाओं ने मौके पर मौजूद एसआई अजय मिश्रा से कहा कि दामोदरपुर से उसके खेत तक तो चकरोड की पैमाइश हो चुकी है, लेकिन उसके आगे पैमाइश नहीं हुई है, लिहाजा उसके खेत से सटे क्षेत्र में चकरोड का पटान न करवाया जाए। इस पर एसआई अजय मिश्रा ने रोजगार सेवक को उस क्षेत्र को छोड़कर शेष कार्य करवाने को निर्देशित किया। इस कारण वहां पर काम रोक दिया गया। रोजगार सेवक ने बताया कि चकरोड की पैमाइश तीन बार कराई जा चुकी है इसी से काम शुरू करवाया गया था और इसकी सूचना भी थाना पुलिस और सीओ गोला को दी गई थी। उधर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मनरेगा के तहत होने वाले कामों में विवाद की स्थिति होने पर राजस्व कर्मियों और पुलिस की मौजूदगी में काम करने के शासन के आदेश हैं। चूंकि मौके पर कोई भी राजस्वकर्मी मौजूद नहीं था, इसी से काम रुकवाया दिया गया है। मौके पर राजस्व कर्मियों को बुलाकर दोबारा काम शुरू करवाया जा सकता है, ताकि किसी भी प्रकार का विवाद न हो।