गोला गोकर्णनाथ। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत खजुहा के पंचायत मित्र अजय कुमार यादव को गांव में न रहने और अनुशासनहीनता के आरोप में ग्राम पंचायत की बैठक में निलंबित कर सूचना अधिकारियों को भेज दी गई है।
ग्राम पंचायत खजुहा के मजरा मदरावां में गत सप्ताह मनरेगा मजदूरों से मास्क लगाने को लेकर पंचायत अधिकारी और पंचायत मित्र में विवाद के बाद हुई मारपीट का मामला विभागीय अधिकारियों और मैलानी थाना तक पहुंच गया था। दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल सिंह ने अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी डीपीआरओ सहित अधिकारियों को दी। बांकेगंज ब्लॉक मुख्यालय पर दोनों पक्षों को बुलाकर अधिकारियों ने सुलह समझौता का प्रयास किया लेकिन अपनी जिद पर अड़े कर्मचारियों ने सुलह समझौता नहीं किया।
ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल सिंह, ग्राम प्रधान कमरुद्दीन ने ग्राम पंचायत की बैठक बुलाकर पंचायत सदस्यों को पूरा प्रकरण बताया। जिसमें पता चला कि पंचायत मित्र अजय कुमार यादव खजुहा के बजाए मदरावां में रहता है और पंचायत के काम भी प्रभावित होते हैं। पंचायत की बैठक में यह भी चर्चा हुई कि इससे पहले भी कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने पर पंचायत मित्र को तीन बार नोटिस भेजी गईं जो उसने लेने को मना किया। इसलिए सर्व सम्मति से ग्राम पंचायत मित्र अजय कुमार यादव की सेवा समाप्त का प्रस्ताव पास कर दिया गया, जिसकी सूचना अधिकारियों को भेज दी गई है।