ढखेरवा। ढखेरवा चौकी क्षेत्र के लखाही गांव निवासी युवक ने रविवार शाम शारदा नहर में छलांग लगा दी। तीन दिन बाद भी गोताखोर युवक का पता नहीं लगा सके हैं। पुलिस ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। उसकी शादी सोमवार को होनी थी। वह शादी में बाइक की मांग कर रहा था। लॉकडाउन के चलते बाइक न मिलने के कारण उसने नहर में छलांग लगाई है।
ढखेरवा चौकी इंचार्ज केके राजभर ने बताया कि 19 वर्षीय रामजी पुत्र बांके कश्यप निवासी लखाही की सोमवार को शादी धौरहरा कोतवाली के एक गांव से होनी थी। रामजी तिलक में बाइक लेना चाहता था। लड़की पक्ष के लोग बाइक देने के लिए तैयार थे, लेकिन लॉकडाउन में बाइक न मिलने के कारण उन्होंने लॉकडाउन खुलने के बाद बाइक देने की बात कही। इससे नाराज रामजी ने रविवार शाम नहर में छलांग लगा दी। रविवार को देर शाम जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वाले उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। सोमवार को उसकी तलाश करते हुए वह लोग ढखेरवा स्थित नहर के पास पहुंचे। वहां पर नहर के किनारे उसका मोबाइल पड़ा था। कुछ लोगों ने परिवार वालों को बताया कि रविवार शाम को एक युवक नहर में कूद गया था, लेकिन कहां का था। इस बात की जानकारी किसी को नहीं थी। गोताखोर उसकी तलाश के लिए नहर में खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला है।