महेवागंज। कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को कबाड़ की दुकानों और गोदाम पर छापा मारा। इससे स्क्रैप विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। हांलाकि पुलिस को मौके से कोई माल नहीं मिला।
गुरुवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में बनवारीपुर गांव के पास सेहरुआ गांव निवासी सत्यप्रकाश की बाइक उठ गई थी। पुलिस को सूचना थी कि कुछ कबाड़ी चोरी की बाइक और अन्य गाड़ी काट कर बेंच रहे हैं। इस पर कोतवाली सदर पुलिस ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ कस्बे के कुछ कबाड़ बेचने वालों की दुकानों और गोदाम पर छापा मारा। शारदा नगर रोड पर एक कबाड़ी की दुकान और गोदाम को काफी देर तक खंगाला। पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा। स्क्रैप विक्रेता मोहम्मद अकील की दुकान पर एक चौपहिया वाहन की चेचिस दिखने पर पुलिस ने उसके कागजात मांगे तो दुकानदार उसे दिखा नहीं सका। इस पर टीम ने उसे कागजात जल्द पेश करने की हिदायत दी। दुकानदारों ने गोदाम चेक कराने में खूब आनाकानी की। मंझरा में भी एक कबाड़ी की दुकान चेक की। वहां भी पुलिस को कुछ नहीं मिला। इससे टीम दोबारा छानबीन की बात कह लौट गई। चौकी प्रभारी पारसनाथ ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं के मद्देनजर कबाड़ की दुकानों की चेकिंग की गई है। मौके से कोई संदिग्ध माल बरामद नहीं हुआ।