गोला गोकर्णनाथ। गोला विधायक अरविंद गिरि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर गन्ना भुगतान न मिलने से किसानों और लॉकडाउन में बंद स्ववित्तपोषित स्कूलों की समस्या से अवगत कराया है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि शासन प्रशासन के संयुक्त प्रयास से विधानसभा गोला और जिला खीरी कोरोना मुक्त है। क्षेत्र का किसान मुख्यत: गन्ने की खेती पर निर्भर है। तीन नवंबर से अब तक बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड 7.56 लाख क्विंटल गन्ना क्रय कर चुका है, जिसका मूल्य 665 करोड़ 81 लाख 55 हजार रुपया है। जिसके सापेक्ष चीनी मिल ने मात्र 68 करोड़ 88 लाख 33 हजार रुपया भुगतान किया है। कोरोना महामारी के दौर में लॉकडाउन से काम धंधा बंद होने से किसानों के समक्ष भयावह स्थिति बन गई है। इसके अलावा क्षेत्र में करीब डेढ़ हजार मान्यता प्राप्त स्ववित्त पोषित स्कूल हैं, जिनमें अल्प मानदेय भोगी करीब 6000 शिक्षक शिक्षिकाएं हैं। लॉकडाउन में स्कूल बंद होने से जीवन यापन की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा है कि स्कूल में शिक्षण कार्य भले न हो लेकिन लॉकडाउन के नियमों का पालन कराते हुए स्कूलों को नए सत्र में प्रवेश के लिए कार्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान कराने एवं स्ववित्तपोषित स्कूलों के शिक्षकों को आर्थिक मदद दिलाने का आग्रह किया है।