टीम का हिस्सा बने लखीमपुर के रजनीश, जिले का रोशन किया नाम
गोला गोकर्णनाथ। भारत की अभ्युदय टीम ने अमेरिका में हुई इंटरनेशनल स्कल्पचर चैंपियनशिप में अपनी बर्फ शिल्पकला से देश का मान बढ़ाया है। इस टीम को अमेरिका में आर्टिस्ट च्वाइज अवार्ड दिया गया। जिले के बंबिहा गांव निवासी रजनीश वर्मा ने टीम का हिस्सा बनकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
जिले के मितौली तहसील के गांव बंबिहा गांव निवासी रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि 19 जनवरी से 26 जनवरी के बीच अमेरिका के बेकेनरिज कोलोराडो स्थान पर 30वीं अंतराष्ट्रीय आइस स्कल्पचर चैंपियनशिप हुई थी। दिसंबर के पहले सप्ताह में विश्व समन्वय संघ दिल्ली के महामंत्री अभिनव आचार्य ने अभ्युदय टीम में रजनीश का चयन इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए किया था। उनकी टीम में मध्यप्रदेश से सुनील कुमार कुशवाहा, दिल्ली से मोहम्मद सुल्तान आलम, कैमूर बिहार से रविप्रकाश थे। इस प्रतियोगिता में प्रतिवर्ष 16 देशों से 16 टीमें प्रतिभाग करती हैं। प्रत्येक टीम को प्रतिभाग करने के लिए अपनी बर्फ कलाकृति बनाने के लिए एक निर्धारित ब्लॉक दिया जाता है। अभ्युदय टीम को बुराई पर अच्छाई की विजय विषय मिला था, जिस पर उन्होंने भारतीय संस्कृति पर आधारित भगवान श्रीकृष्ण के कालियामर्दन दृश्य को चुना था। उनकी टीम ने माइनस 20 तापमान में बर्फ पर कलाकृति बनाई। उनकी कृति को 16 देशों के मूर्तिकारों ने वोटिंग के जरिए चुना। जिसमें भारत की टीम को आर्टिस्ट च्वाइज अवार्ड मिला है। इस चैंपियनशिप में पहला प्राइज मैस्को, दूसरा स्थान ग्रेट ब्रिटेन को और तीसरा स्थान यूएसए को मिला। रजनीश और उसकी टीम की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है।