मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। नगर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मंगलवार देर शाम युवा और महिलाएं सड़क आ गए और नारेबाजी करते हुए मुख्यमार्ग पर चल दिए। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचीं कोतवाली पुलिस की जुलूस में शामिल महिलाओं और युवाओं से तीखी नोकझोंक होने लगी। हालांकि पुलिस की सख्ती के कारण वह जुलूस आगे बढ़ाने में कामयाब नहीं हो सके। हालात को देखते हुए नगर में फोर्स गश्त कर रही है।
नगर में रात करीब आठ बजे गांधी पार्क में बड़ी संख्या महिलाएं में पहुंच गईं और हाथों में सीएए के खिलाफ तख्तियां लेकर सड़क पर आ गईं। महिलाओं के पीछे युवा नारेबाजी करते हुए चल दिए। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो महिलाओं को जुलूस में आगे देख सकते में आ गई। फोर्स ने जब जुलूस रोकने की कोशिश की तो महिलाएं भड़क र्गइं। पुलिस और भीड़ में शामिल लोगों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। इस पर पुलिस ने सख्ती दिखलाते हुए जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि कुछ महिलाएं सीएए के विरोध में सड़क पर आ गई थी। जिन्हें समझाबुझाकर घर भेज दिया गया। एहतियात के तौर पर नगर में गश्त किया जा रहा है। उधर, जुलूस निकाले जाने की सूचना पर एसडीएम स्वाति शुक्ला मौके पर पहुंची और स्थिति को जायजा लेते हुए कोतवाल को दिशा निर्देश दिए।