लखीमपुर खीरी। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को उचौलिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर लाई गई 300 बोरी यूरिया पकड़ ली। चालक के पास यूरिया के कागज नहीं मिले हैं, जिससे खाद को उचौलिया पुलिस चौकी की सुपुर्दगी में दिया गया है। खाद को अवैध रूप से लाकर कालाबाजारी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
उचौलिया में एक धर्मकांटे के पास खाद भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच की गई, जिसमेें 300 बोरी यूरिया लदी थी। चालक ने बताया कि वह शाहजहांपुर स्थित एक दुकान से इसे लेकर आया है। चालक के पास खाद के संबंध में कोई कागज नहीं मिले हैं। इससे कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खाद को पुलिस को सौंप दिया गया है। कागज दिखाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई कागज नहीं दिखाता है और न ही खाद पर दावा करता है, तो खाद को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।