ईओ का निर्देश एक कर्मचारी दस लोगों का दिलाए पॉजिटिव फीडबैक
लखीमपुर खीरी। स्वच्छता सर्वेक्षण प्रक्रिया में शहर को सिटिजन फीडबैक में अधिक से अधिक अंक दिलाने के लिए पालिका प्रशासन जोर शोर से लगा है। अधिशाषी अधिकारी ने इसके लिए पालिका कर्मचारियों के साथ सफाई कर्मियों को भी लगाकर दस-दस लोगों की सकारात्मक प्रक्रिया दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
पालिका प्रशासन को डर है कि कहीं सर्वेक्षण टीम के निरीक्षण के दौरान शहरवासी नकारात्मक प्रतिक्रिया न दें। इसके लिए अधिशाषी अधिकारी आरआर अंबेश ने नगरवासियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया दिलाने के लिए पालिका कर्मचारियों का लगा दिया है। इसको लेकर नगर पालिका में बैठकों का दौर जारी है। ईओ और सफाई निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को सभागार में सफाई नायक और कर्मचारियों के साथ बैठक की और उन्हें मोहल्लों में जाकर लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया दिलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने एक एक कर्मचारी को दस दस लोगों से प्रतिक्रिया दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अधिकारी का आदेश है पालन तो करना ही है। पहले सफाई करो और बाद में लोगों का मोबाइल नंबर मांगकर उनकी सकारात्मक प्रतिक्रिया दिलाओ। पालिका कर्मचारियों की ओर दिलाई जा रही सकारात्मक प्रतिक्रिया नगर वासियों में चर्चा का विषय बनी है।