शुक्रवार को तहसील में शहरी प्रधानमंत्री आवास के लिए डूडा की तरफ से लगेगा कैंप, लाभार्थी जमा करेंगे फार्म
एसडीएम ने चालू कराई प्रक्रिया, गाटा संख्या के आधार पर होगा चिह्नीकरण
निघासन (लखीमपुर खीरी)। निघासन नगर पंचायत की घोषणा के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। एसडीएम ओपी गुप्ता ने डूडा विभाग के अधिकारियों और लेखपालों संग एक बैठक कर दो दिन के अंदर गाटा संख्या के आधार पर चिह्नीकरण करने का आदेश दिया है। उधर डूडा की तरफ से शुक्रवार को तहसील में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लिए कैंप लगाया जाएगा। मोहल्ले आदि का बटवारा न होने के कारण गाटा संख्या के आधार पर लोगों को चिह्नित कर फार्म जमा करने का कार्य किया जाएगा।
डूडा के इंजीनियर रंजीत सिंह अपनी टीम के नितेश, प्रवीण मिश्रा के साथ एसडीएम ओपी गुप्ता के पास पहुंचे। उन्होंने नगर पंचायत निघासन और रकेहटी की गाटा संख्या और अधिकारियों के आदेश की पत्रावली एसडीएम को दी। एसडीएम निघासन के लेखपाल शिवम गुप्ता और रकेहटी के लेखपाल जेपी वर्मा को बुलाया। रंजीत सिंह ने निघासन ग्राम पंचायत के बस्तीपुरवा, छीटन पुरवा, बिहारी पुरवा, भजन पुरवा, हीरालाल पुरवा, मोहनलाल पुरवा, राजाराम पुरवा, प्रीतमपुरवा, चौधरी पुरवा, नकटहा, चमरौधा, परागी पुरवा, बोझिया, बुद्यरपुरवा, टापर पुरवा समेत 17 मजरों और रकेहटी आंशिक के अलावा सुक्खन पुरवा आदि गांवों को शामिल किया है। इन गांवों के भूमि की गाटा संख्या आदि देकर नक्शा बनाने के लिए कहा है। गुरुवार को पूरा नक्शा तैयार होने के बाद शुक्रवार को डूडा की तरफ से लगने वाले कैंप में शुक्रवार को प्रधानमंत्री शहहरी आवास के लाभार्थियों के फार्म जमा किए जाएंगे।
लाभार्थी को यह देने होंगे कागज
आवेदनपत्र, भूमि संबंधी गाटा संख्या, आधार कार्ड, लाभार्थी की बैंक पासबुक और लाभार्थी के पुत्र, पुत्री या भाई की पासबुक।
लोगों में संशय की स्थिति
नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त होने के बाद अब तक नगर पंचायत कार्यालय बनाने के लिए भूमि, मोहल्ला आदि की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, लेकिन प्रधानमंत्री आवास के लिए सर्वे का कार्य चालू हो गया है। इस बात को लेकर लोगों में संशय की स्थिति है।
215 गांटा संख्याओं को किया जाएगा शामिल
निघासन की चारों दिशाओं को मिलाकर 198, रकेहटी के 97 गाटा संख्याओं को शामिल किया गया है। इन गाटा संख्याओं के आधार पर लेखपाल नक्शा तैयार करेंगे।
अब तक शासन से कोई आदेश नहीं मिला था। गाटा संख्या तैयार होने के बाद ही आगे का कार्य चालू होगा। फिलहाल आवास के लिए कैंप शुक्रवार को लगाया जाएगा।
-ओपी गुप्ता, एसडीएम