अब गुलरिया में स्टेट हाईवे से एक तरफ 16 मीटर हटेगा कब्जा
राजस्व टीम ने गुलरिया बस्ती में 16 मीटर पर लगाया लाल निशान
पहले पीडब्ल्यूडी ने आठ मीटर तक लगाया था निशान
बिजुआ। लखीमपुर-भीरा स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण में आड़े आने वाले गांव गुलरिया में अब राजस्व विभाग ने 32 मीटर चौड़ी रोड के लिए निशान लगाया है। पहले पीडब्ल्यूडी विभाग ने 16 मीटर सड़क के चौड़ी करने के लिए गांव में 43 लोगों को नोटिस जारी किए थे। नई कारवाई से लोगों में अफरातफरी है।
एसएच 94 के चौड़ीकरण का काम तेजी से हो रहा है, अब तक इस रोड को सड़क के दोनों ओर तीन-तीन मीटर कुल छह मीटर चौड़ी किए जाने का सरकारी फरमान जारी हो चुका है। जिसके बाद गांव में इतनी सड़क भी चौड़ी करने के लिए लोगों के पक्के निर्माण धराशाई करने होंगे। अभी गुलरिया बस्ती के अंदर काम नही हुआ है। पिछले माह विभाग ने कुल एक तरफ आठ मीटर सड़क चौड़ी करने के लिए 43 नोटिस लोगों को जारी कीं थीं एवं तीन दिन में पक्का निर्माण तोड़ने को कहा था। समय सीमा बीतने के बाद गांव पहुंची राजस्व टीम ने गांव के अंदर इस सड़क के गाटा संख्या 108 की कुल 32 मीटर चौड़ी सड़क होने के लाल निशान लगाने शुरू कर दिए। जिससे करीब अब 60 से ज्यादा लोग प्रभावित हो रहे हैं, यही नही अगर विभाग इतनी चौड़ी सड़क कराने के लिए अपनी जगह खाली कराता है तो करीब 30 से ज्यादा लोग प्रभावित होंगे। इस नए फरमान से गांव में अफरातफरी है।