गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली पकड़ी, केंद्र इंचार्ज निलंबित
किसानों ने किया था हंगामा, एसडीएम और सीओ पहुंचे
लखनऊ चीनी मिल संघ से आए अधिकारियों ने लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी)। किसान सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर के गन्ना क्रय केंद्र सुमेरनगर पर किसानों ने घटतौली पकड़ ली। इसके बाद जमकर हंगामा किया। मौका पाकर क्रय केंद्र इंचार्ज मौके से फरार हो गया। पांच क्विंटल पर दस किलो की घटतौली मिली। सूचना पर एसडीएम और सीओ दलबल के साथ पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। शाम को लखनऊ चीनी मिल संघ के अधिकारियों ने आकर जांच की तो किसानों की बात सही निकली। इसपर क्रय केंद्र इंचार्ज का लाइसेंस निरस्त करते हुए त्वरित रूप से निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद ही गुस्साए किसान शांत हुए।
मंगलवार की सुबह विशेनपुरी निवासी सरवन गन्ना भरा वाहन इब्राहिमपुर गन्ना क्रय केंद्र से तुलवाकर सुमेरनगर गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचा। जहां पर गन्ने भरे वाहन में एक क्विंटल 70 किलो की घटतौली मिली। आरोप है कि केंद्र इंचार्ज गन्ना पूरा कर मामले को रफदफा करने की बात कहने लगा लेकिन किसान ने घटतौली का मामला अन्य किसानों के सामने रख दिया। इस पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पूर्व प्रधान अब्दुल हवाव, विजय मास्टर, मनोज, निरवेंद्र, रमाकांत मौर्या, सब्लू, मुंशी मौर्य आदि किसान पहुंच गए। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक को भी मौके पर बुलाने की बात कहने लगे। इस बीच सूचना पर एसडीएम पूजा यादव और सीओ राकेश कुमार नायक मौके पर पहुंचे और किसानों की बात सुनीं। इसपर एसडीएम ने जांच के आदेश दिए। साथ ही चीनी मिल कर्मचारियों व गन्ना सोसाइटी के सचिव को भी जमकर फटकार लगाई। देर शाम चीनी मिल प्रधान प्रबंधक आजाद भगत सिंह तथा लखनऊ चीनी मिल संघ के मुख्य गन्ना विकास सलाहकार डॉ आरसी पाठक ने मौके पर पहुंचकर कांटा चेक किया। जिसपर पांच क्विंटल के बांट रखने पर 10 किलो का अंतर मिला। दोनों ही अधिकारियों ने मौके पर तत्काल दो प्रतिशत की घटतौली पर क्रय केंद्र इंचार्ज का लाइसेंस कैंसिल करते हुए उनको सस्पेंड कर दिया और कार्रवाई करने का आदेश दिया। चीनी मिल प्रधान प्रबंधक आजाद भगत सिंह ने बताया कि जो किसान एडवांस गन्ना की तौल कराते हुए मिलेंगे हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।