माह के अंतिम हफ्ते तक लखीमपुर-मैलानी तक शुरू हो सकता है ट्रेनों का संचालन
रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। साल 2020 का पहला महीना रेल यात्रियों के लिए सुखद साबित हो सकता है। लखीमपुर-मैलानी तक ब्राडगेज ट्रेनों का संचालन 26 जनवरी से पहले शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। सीआरएस ट्रॉयल के दौरान मिली कमियों को निर्माण एजेंसियों ने दूर कर लिया है। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
ऐशबाग-पीलीभीत तक ब्राडगेज आमान परिवर्तन का काम धीरे-धीरे पूरा होने की ओर है। लखनऊ से लखीमपुर तक ट्रेनों का संचालन 26 अगस्त को शुरू हुआ था। लखीमपुर-मैलानी प्रखंड पर कुछ काम अधूरे रहने के कारण उस समय ट्रेनों का संचालन मैलानी तक नहीं शुरू हो पाया। करीब तीन महीने तक तेजी से काम होने के बाद माह नवंबर में दो चरणों में सीआरएस ट्रॉयल किया गया। इसमें पहले चरण में लखीमपुर से गोला और दूसरे में गोला से मैलानी तक ट्रॉयल हुआ। इस ट्रॉयल के दौरान भी रेल अधिकारियों को कुछ कमियां मिलीं थी, जिन्हें निर्माण एजेंसी आरबीएनएल को शीघ्र दूर करने के लिए कहा गया था।
डीआरएम के मुताबिक लखीमपुर-मैलानी के बीच सीआरएस द्वारा बिंदुवार बताई गईं कमियों को दूर कर दिया गया है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड को सूचित भी कर दिया गया है। अब रेलवे बोर्ड से ट्रेनों के संचालन की अनुमति की प्रतीक्षा है। बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही ट्रेप संचालन की प्रकिया शुरू कर दी जाएगी।
बांकेगंज में तो एक से दूसरे नंबर प्लेटफार्म पर जाने का कोई इंतजाम नहीं
कहने को तो बांकेगंज रेलवे स्टेशन पर मीडियम लेवल के दो प्लेटफार्म बनाए गए हैं। निर्माण एजेसियों के मुताबिक यहां यात्री सुविधाओं संबंधी सारी सुविधाएं पूरी हो गई हैं, लेकिन प्लेटफार्म नंबर एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए पाथवे नहीं बनाया गया है। ऐसे मेें दिव्यांगजनों, बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों को रेल पटरी लांघ कर जाना पड़ेगा। जो खतरे से खाली नहीं है। यही नहीं दोनों प्लेटफार्मों पर बनाए गए शौचालयों में पानी तक का इंतजाम नहीं है। जबकि पिछले दिनों निरीक्षण के दौरान रेल अधिकारियों ने इस पर सवाल भी उठाया था। यही नहीं बांकेगंज रेलवे स्टेशन पर टिकट विंडो का रास्ता बाहर से न होकर प्लेटफार्म के अंदर से बनाया गया है। जिससे ट्रेनों का संचालन शुरू होने पर यात्रियों को प्लेटफार्म के रास्ते से होकर टिकट लेना पड़ेगा। जिससे यात्रियों को मुसीबत उठानी पड़ सकती है।
लखीमपुर से मैलानी के बीच ब्राडगेज ट्रेनों के संचालन की सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही ट्रेनों के संचालन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
- डॉ मोनिका अग्निहोत्री, डीआरएम, एनई रेलवे, लखनऊ मंडल