प्रभु दर्शन से किया नववर्ष का आगाज, मंदिरों में लगी रही भीड़, पूजन कर मांगी नए साल में सुख समृद्धि
लखीमपुर खीरी। कहीं ईश वंदना तो कहीं हवन पूजन और कहीं गीत संगीत। मोहल्लों से लेकर होटलों में डीजे पर धमाल। कुछ ऐसा ही रहा नए साल का पहला दिन। बुधवार का दिन नववर्ष के स्वागत के उल्लास में डूबा रहा। नए साल में सूर्योदय के साथ ही खुशियां मनाने का दौर हो शुरू होगा। सभी के चेहरे पर एक अलग ही प्रसन्नता दिखाई दी। लोग एक दूसरे को बधाई देने में लगे रहे। घरों पर भी पार्टियां आयोजित हुई। इसमें शामिल होकर लोगों ने एक दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं दी। मंदिरों में भगवान का पूजन कर लोगों ने नए साल की शुरुआत की।
आमतौर पर लोग नए साल के पहले दिन अन्य दिनों की अपेक्षा जल्दी उठे। स्नानदि से निवृत्त होने के बाद बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उसके बाद मंदिर और गुरुद्वारे की ओर रुख किया। इससे शहर के संकटा देवी मंदिर, मां बंकटा देवी मंदिर, दु:खहरणनाथ मंदिर, राजापुर स्थित वीरबाबा मंदिर के अलावा हाथीपुर स्थित गुरुद्वारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। लोगों ने मंदिर में हवन पूजन कर घर परिवार और मित्रों के लिए नए साल में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशियां मांगी। इस कामना के साथ सिख समुदाय के लोगों ने गुरुद्वारा गुरूसिंह सभा में प्रार्थना की।
खूब बिके गुलदस्ते और गुलाब
नए साल की बधाई देने के लिए बुधवार को गुलदस्तों की खूब बिक्री हुई। सबसे ज्यादा मांग गुलाब के फूलों की रही। इसको लेकर एक एक गुलाब 50 रुपये से लेकर 100 रुपये तक में बिका। छात्राओं ने अपने गुरुजनों को गुलदस्ता देकर नए साल की बधाई दी।
युवाओं ने केक काटकर मनाया नया साल
नववर्ष 2020 को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं में रहा। नए साल का जश्न मनाने के लिए होटल, रेस्टोरेंट आदि में युवाओं की काफी भीड़ रहीं। युवाओं ने केक काट कर नए साल मनाया। इसको लेकर बुधवार को केक आदि की खूब बिक्री हुई।
स्वाद के साथ की पहले दिन की शुरुआत
नए साल का पहला दिन स्वाद के साथ। इसको लेकर शहर के होटलों और रेस्टोरेंटों में बुधवार को काफी भीड़ रही। लोगों के परिवार के सदस्यों के साथ तो वहीं युवाओं ने मित्र मंडली के साथ रेस्टोरेंट के स्वाद का आनंद लिया।
युवा बोले-हैप्पी न्यू ईयर
बुधवार को हर तरफ नए साल का उल्लास था। खासकर युवाओं के चेहरों पर नववर्ष की खुशी साफ झलक रही थी। घर से लेकर बाहर निकलने पर जो मिला सबसे पहले युवाओं के मुंह से सिर्फ तीन ही शब्द निकल रहे थे। ....हैप्पी न्यू ईयर