लखीमपुर खीरी। नेपाल सीमा पर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के मॉड्यूल्स के सक्रिय होने की खबर पर पुलिस महकमा सतर्क हो गया है। एसपी ने स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) और स्पेशल इंवेस्टीगेशन यूनिट (एसआईयू) को जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
तराई से जुड़ी भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील है। खुली सीमा का लाभ उठाकर देश विरोधी ताकतें घुसपैठ की कोशिश करती हैं। सीमा पर एसएसबी के अलावा आईबी समेत कई सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात हैं। करीब दो महीने पहले टेरर फंडिंग का खुलासा होने के बाद लखीमपुर खीरी जिले से जुड़ी नेपाल की सीमा एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर आ गई थी। इधर नागरिकता संशोधन कानून व एनआरसी के विरोध के बीच खुफिया एजेंसियों को नेपाल सीमा पर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के मॉड्यूल्स सक्रिय होने के इनपुट मिले थे। अमर उजाला ने 26 दिसंबर के अंक में पेज संख्या तीन पर नेपाल सीमा पर पीएफआई के स्लीपिंग मॉड्यूल्स सक्रिय शीर्षक से खबर प्रमुखता से छापी। इस पर एसपी ने एलआईयू व एसआईयू से जानकारी ली। साथ ही खुफिया एजेंसियों के अफसरों से अलर्ट रहने व मॉड्यूल्स की जांच कर रिपोर्ट मांगी है।